विशाखापत्तनम | 25 दिसंबर 2025
आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम में 23 एवं 24 दिसंबर 2025 को आयोजित राष्ट्रीय पेसा महोत्सव–2025 में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे बैतूल जिले के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
महोत्सव का उद्देश्य भारतीय परंपराओं, संस्कृति एवं स्थानीय ज्ञान को बढ़ावा देना रहा। इस आयोजन में बैतूल जिले से कुल 32 प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। खेल प्रतिस्पर्धाओं के अंतर्गत जिले से
4 पुरुष कबड्डी खिलाड़ी – आशीष भलावी, विजय आहके, मनीष मर्सकोले, दिनेश इवने,
4 महिला कबड्डी खिलाड़ी – शिवानी उइके, अश्विनी मर्सकोले, नीलम धुर्वे, प्रमिला धुर्वे,
4 एथलेटिक्स खिलाड़ी – महिमा कवड़े, करिश्मा, सीताराम एवं गोकुल ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया।
पुरुष कबड्डी वर्ग में सेमीफाइनल मुकाबले में मध्यप्रदेश टीम ने गुजरात को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में मध्यप्रदेश ने उड़ीसा को 51–18 के बड़े अंतर से हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया और ₹1 लाख की इनामी राशि अपने नाम की।
वहीं महिला कबड्डी वर्ग में सेमीफाइनल में मध्यप्रदेश ने उड़ीसा को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में टीम को 18–50 से पराजय का सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए ₹75 हजार की इनामी राशि अर्जित की।
महोत्सव के समापन सत्र में बैतूल जिले की ठाटया लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और जिले की सांस्कृतिक समृद्धि की सशक्त झलक प्रस्तुत की।
राष्ट्रीय पेसा महोत्सव 2025 में सहभागिता हेतु बैतूल जिला प्रशासन, मध्यप्रदेश सरकार एवं पंचायती राज मंत्रालय का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही प्रतिभागियों के चयन में जिला पेसा समन्वयक श्री सुखदेव उइके की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़







