कन्नौद (देवास)। विश्व आदिवासी दिवस 2026 के भव्य आयोजन को लेकर रविवार को कन्नौद मंडी प्रांगण में कन्नौद एवं खातेगांव क्षेत्र के वरिष्ठ समाजजनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष 9 अगस्त को विश्व आदिवासी दिवस का मुख्य समारोह मंडी प्रांगण, कन्नौद में आयोजित किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता रामशंकर उईके ने की। उन्होंने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा, इतिहास और अस्मिता का प्रतीक है। इस वर्ष का आयोजन पहले से अधिक भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करते हुए निर्णय लिया गया कि विशाल रैली मंडी प्रांगण से प्रारंभ होकर साईं मंदिर चौराहा, बस स्टैंड, मेन मार्केट एवं मदार छला मार्ग से होते हुए पुनः कार्यक्रम स्थल पहुंचेगी। आयोजन में शामिल होने वाले सभी समाजजन पारंपरिक आदिवासी वेशभूषा में उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बैतूल, कन्नौद एवं दावतपुरा से आने वाले गोंडी नृत्य दल होंगे, जो अपनी लोक संस्कृति एवं पारंपरिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहेंगे।
आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए अगली बैठक 26 जुलाई को कन्नौद मंडी प्रांगण में आयोजित की जाएगी। बैठक में मोहन पटेल उईके सिया, विक्रम सिंह महुड़िया, ओमप्रकाश सराठिया (फौजी), राजेश (भूरू) काकोड़िया, सुरेश कुमार उईके (शिक्षक), जीतू उईके, महेंद्र मरकाम, सुमित करोची सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़




