सुखतवा। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार भगवान बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय सुखतवा में बुधवार 18 फरवरी को आयोजित रोजगार एवं स्वरोजगार मेला सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम का शुभारंभ नायब तहसीलदार श्री हीरू कुमरे, प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत, रोजगार अधिकारी श्री श्याम कुमार धुर्वे, प्लेसमेंट ऑफिसर श्री धर्मेश तिवारी एवं श्रीमती कामधेनु पटोदिया द्वारा किया गया।
नायब तहसीलदार श्री कुमरे ने कहा कि युवाओं को रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाना शासन की प्राथमिकता है, जिससे युवा वर्ग उन्नति की दिशा में आगे बढ़ सके। उन्होंने मेले में शामिल सभी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।प्राचार्य डॉ. नीता राजपूत ने कहा कि युवा संगम के माध्यम से आत्मनिर्भरता का दीप प्रज्वलित हो रहा है। शासन की रोजगारपरक योजनाओं के तहत स्वरोजगार, रोजगार एवं प्रशिक्षण की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। रोजगार मेला शिक्षा और रोजगार के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है।
मेले में शासकीय विभागों एवं प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाए गए। मुख्य अतिथि ने स्टॉलों का भ्रमण कर अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों से चर्चा की।मेले में कुल 300 छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए, जिनमें से 219 को कंपनियों द्वारा प्राथमिकता स्तर पर चयनित किया गया तथा 10 युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। इस प्रकार कुल 229 छात्र-छात्राओं को लाभ मिला।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 72 छात्र-छात्राओं की स्वास्थ्य जांच भी की गई। इस अवसर पर डॉ. अपेक्षा भावसार, डॉ. विवेक वर्मा, श्रीमती शीला काजले, श्रीमती गीता राजपूत, श्री त्रिलोक मनवारे सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़






