best news portal development company in india

देवास में दिनदहाड़े चेन लूट का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; डेढ़ लाख की चेन बरामद

SHARE:

देवास। शहर में 76 वर्षीय बुजुर्ग से दिनदहाड़े हुई चेन लूट की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन शत-प्रतिशत बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 24 जून को आदर्श नगर सेक्टर-बी निवासी बंशीधर बरोनिया (76) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे एक युवक उनके घर में घुसा और बाथरूम से बाहर आते ही उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर विशेष टीमों का गठन किया।

जांच के दौरान पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान की गई और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयराज कुमरे (30) एवं धनराज कुमरे (50) निवासी गजरा गियर्स झुग्गी-झोपड़ी, देवास के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई करीब 1.50 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, जिले में संचालित ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत जनसहयोग से अब तक 10 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस सीसीटीवी नेटवर्क की मदद से अपराधों के खुलासे और नियंत्रण में लगातार सफलता मिल रही है।

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment