खातेगांव (देवास)। थाना खातेगांव क्षेत्र के ग्राम संदलपुर निवासी आदिवासी गोंड समाज की महिला भूरी बाई मर्सकोले ने गांव के ही मुकेश (राकेश) मालवीय मिस्त्री पर गाली-गलौज, मारपीट और धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता ने बताया कि वह पहले मुकेश मालवीय के साथ मजदूरी का काम करती थीं, लेकिन करीब तीन महीने पहले किसी कारणवश काम छोड़ दिया था। इसके बाद आरोपी उनके घर पहुंचकर बच्चों से उनके बारे में बातें करता था और उन्हें परेशान करता था।
शिकायत के अनुसार 21 जून 2026 को दोपहर करीब 12 बजे जब भूरी बाई ने इस बात का विरोध किया कि वह उनके बच्चों से उनके बारे में क्यों बातें करता है, तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करने के लिए दौड़ पड़ा। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें और उनके परिवार को डराने-धमकाने का भी प्रयास किया।
परिवार का कहना है कि घटना के बाद छह दिनों तक उनकी कहीं सुनवाई नहीं हुई और वे न्याय के लिए भटकते रहे। इसके बाद बालकृष्ण इवने पीड़ित परिवार के साथ थाना खातेगांव पहुंचे, जहां उनके हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने तत्काल FIR दर्ज की। बताया गया कि बालकृष्ण इवने शाम तक थाने में मौजूद रहे और आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई पर नजर बनाए रखी।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





