देवास। गोंडवाना वीरांगना महारानी दुर्गावती के 462वें बलिदान दिवस के अवसर पर श्रम कल्याण केंद्र, बैंक नोट प्रेस परिसर, देवास में गोंड समाज महासभा शहर इकाई द्वारा एक गरिमामयी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजजनों ने महारानी दुर्गावती के अद्वितीय साहस, त्याग और राष्ट्र रक्षा में दिए गए बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वीरांगना महारानी दुर्गावती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात बड़े देव की पूजा-अर्चना, सुमिरन गीत तथा अतिथियों के स्वागत एवं परिचय का आयोजन किया गया। वक्ताओं ने महारानी दुर्गावती के जीवन संघर्ष, वीरता और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन के वन विभाग की सेवानिवृत्त सहायक निदेशक श्रीमती कृष्णा कुमरे तथा विशेष अतिथि के रूप में जिला धार की विशेष लोक अभियोजन अधिकारी श्रीमती संध्या उईके उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर डॉ. बी.आर. अंबेडकर विश्वविद्यालय, महू-इंदौर की अतिथि सहायक प्राध्यापक डॉ. गीता परतेती, गोंड समाज कल्याण समिति नेमावर के अध्यक्ष श्री सुरेश ईवने एवं उज्जैन संभाग गोंड समाज महासभा के उपाध्यक्ष श्री रामबकस मरस्कोले ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में समाजजन, महिलाएं, युवा एवं बच्चे कार्यक्रम में शामिल हुए। अंत में सहभोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं आयोजन गोंड समाज महासभा, शहर इकाई देवास द्वारा किया गया।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





