best news portal development company in india

नर्मदापुरम संभाग की टीम ने पश्चिम बंगाल में दो दिवसीय अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा द्वारा आयोजित वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस पर सांस्कृतिक प्रस्तुति किया

SHARE:

नर्मदापुरम संभाग की सांस्कृतिक टीम ने पारंपरिक नृत्य-गीतों से बांधा समां, अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा के दो दिवसीय आयोजन में कई राज्यों के समाजजन हुए शामिल

श्यामनगर (पश्चिम बंगाल)। अखिल भारतवर्षीय गोंड महासभा द्वारा आयोजित वीरांगना रानी दुर्गावती बलिदान दिवस का दो दिवसीय समारोह आदिवासी सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए समाजजनों ने वीरांगना रानी दुर्गावती के अदम्य साहस और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

समारोह में मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम संभाग से राज रावन परते एवं साधना उइके के नेतृत्व में पहुंची सांस्कृतिक टीम ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य, लोकगीत और वाद्ययंत्रों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से कोलकाता में मध्य प्रदेश की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की प्रभावशाली झलक प्रस्तुत की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साधना उइके ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती नारी शक्ति, स्वाभिमान, साहस और मातृभूमि की रक्षा का अमर प्रतीक हैं। उन्होंने समाज से अपनी संस्कृति, परंपराओं और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

छत्तीसगढ़ से आए केपी प्रधान ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों और गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य करते हैं। वहीं राधेश्याम काकोड़िया ने गोंडी कोयापुनेम को गोंड समुदाय की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित जीवन-पद्धति बताते हुए इसके संरक्षण पर बल दिया।

कार्यक्रम के समापन पर वीरांगना रानी दुर्गावती को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा समाज की एकता, संस्कृति और स्वाभिमान को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। आयोजन में सच्चिदानंद गोंड, मैनेजर साह सहित मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक टीम में आकाश कुमरे, गुंजन उइके, रामकिशोर, माही मर्सकोले, चांदनी वट्टी, मनीषा उइके और प्रिया ठाकुर शामिल रहे। सभी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से मध्य प्रदेश की जनजातीय संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर खूब सराहना प्राप्त की।

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment