best news portal development company in india

खातेगांव में संबल योजना के तहत 12 परिवारों को 26 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

SHARE:

 

खातेगांव। मध्यप्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना के तहत बुधवार को नगर परिषद खातेगांव के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 12 हितग्राही परिवारों को कुल 26 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। योजना के तहत सामान्य मृत्यु पर 2 लाख रुपये तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

 

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि नरेंद्र चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के परिवारों के लिए संकट की घड़ी में सबसे बड़ा आर्थिक सहारा बन रही है। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य परिवार के मुखिया की मृत्यु के बाद आश्रितों को आर्थिक संबल प्रदान करना है, जिससे वे कठिन परिस्थितियों का सामना कर सकें।

 

इस अवसर पर एक हितग्राही को दुर्घटना में मृत्यु के प्रकरण में 4 लाख रुपये तथा 11 हितग्राहियों को सामान्य मृत्यु के प्रकरण में 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की गई। सहायता राशि प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रदेश सरकार और नगर परिषद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके परिवार के लिए कठिन समय में बड़ी राहत साबित होगी।

 

नरेंद्र चौधरी ने सभी पात्र श्रमिकों से संबल योजना में पंजीयन कराने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र परिवार इस योजना से जुड़ें, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में उन्हें आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।

 

कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश राबड़िया, पार्षद गोविंद गोरा, रामसिंह यादव, मुकेशगिरी, ललित बिश्नोई, कमल कासलीवाल, नितिन बिश्नोई, शैलेश यादव, संगीता यादव, सुनील यादव, मुख्य नगर परिषद अधिकारी निखिल चिंतामन सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी, हितग्राही एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment