नर्मदापुरम, 17 फरवरी 2026। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देश पर खनिज, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने दो दिनों में कुल 6 वाहनों को जब्त किया।
16 फरवरी 2026 को इटारसी क्षेत्र से एक डम्पर (MP12ZE4141) को रेत का ओवरलोड परिवहन करते पकड़ा गया। वाहन को जब्त कर मंडी प्रांगण इटारसी में खड़ा कराया गया। इसी दिन पिपरिया में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध रेत परिवहन करते पकड़कर थाना मंगलवारा में सुरक्षार्थ रखा गया।
17 फरवरी 2026 को कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए तहसील इटारसी में दो डम्पर (MP04ZN4952 एवं MP09BF1362) ओवरलोड रेत परिवहन करते पाए गए, जिन्हें जब्त कर थाना रामपुरा गुर्रा में खड़ा कराया गया। वहीं सिवनीमालवा क्षेत्र से दो एल.पी. वाहन (MP09HG6345 एवं MP09DP4341) जब्त कर थाना सिवनीमालवा में सुरक्षार्थ खड़े किए गए।
कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) इटारसी श्री निलेश शर्मा, जिला खनि अधिकारी श्री दिवेश मरकाम, नायब तहसीलदार सिवनीमालवा श्रीमती कीर्ति प्रधान, खनि निरीक्षक श्री कृष्णकांत सिंह परस्ते, खनिज सिपाही श्री हेमंत राज सहित पुलिस एवं होमगार्ड बल मौजूद रहा।
जप्त वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और परिवहन में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





