
देवादेवास। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य तेजी से जारी है। कलेक्टर कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले के 12,43,780 मतदाताओं के लिए नियुक्त 1426 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना पत्रक दो प्रतियों में वितरित कर रहे हैं।
अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले की सभी पाँच विधानसभा क्षेत्रों में गणना पत्रक वितरण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। बीएलओ न केवल फॉर्म दे रहे हैं, बल्कि मतदाताओं को उसे भरने की संपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध करा रहे हैं। फॉर्म भरने के बाद एक प्रति बीएलओ को सौंपी जाएगी और दूसरी प्रति पावती के रूप में मतदाता को लौटाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि गणना पत्रक वितरण की प्रगति ऑनलाइन बीएलओ एप पर दर्ज की जा रही है। यह अभियान 4 दिसम्बर 2025 तक लगातार जारी रहेगा। पूरे कार्य की मॉनिटरिंग के लिए जिला व विधानसभा स्तर पर बीएलओ सुपरवाइजर, जोनल अधिकारी और अन्य कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सहायक, पंचायत सचिव और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, जबकि शहरी क्षेत्रों में नगरीय निकायों के कर्मचारी, दरोगा व राजस्व निरीक्षक भी सहयोग में लगाए गए हैं।
विधानसभा क्षेत्रों के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी लगातार कार्य की समीक्षा कर रहे हैं। इसके साथ ही जिले में सहायता केंद्र और कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं जिससे मतदाताओं को फॉर्म भरने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
राजनीतिक दलों की ओर से बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त किए जाने की प्रक्रिया भी जारी है।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





