best news portal development company in india

जिला सहकारी बैंक के सामने जिला पंचायत सदस्य का अनिश्चितकालीन धरना—ललिता धुर्वे

SHARE:

मंडला | 5 जनवरी 2026

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, मंडला में कथित भ्रष्टाचार एवं उपार्जन केंद्रों पर किसानों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार के विरोध में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ललिता धुर्वे शनिवार से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गईं। उनके इस कदम से जिले में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।

धरना प्रारंभ करने से पूर्व श्रीमती धुर्वे ने राजराजेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर किसानों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इसके पश्चात वे जिला सहकारी बैंक के मुख्य द्वार के सामने धरने पर बैठीं और पहले दिन शाम 5 बजे तक वहीं मौजूद रहीं।

जिला पंचायत सदस्य ललिता धुर्वे ने आरोप लगाते हुए कहा कि जिले के उपार्जन केंद्रों पर तौल प्रक्रिया में अनियमितताएं, भुगतान में देरी तथा परिवहन व्यवस्था में भारी लापरवाही बरती जा रही है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक उपार्जन केंद्रों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम नहीं उठाए जाते, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।

धरने की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन की नजर पूरे घटनाक्रम पर बनी हुई है। किसानों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस मुद्दे पर कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment