
सिंगरौली— कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने आज देवरा स्थित अनुसूचित जनजाति सीनियर एवं जूनियर छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में अव्यवस्था, सफाई व्यवस्था में लापरवाही और गुणवत्तायुक्त भोजन नहीं मिलने की शिकायतें मिलने पर कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग एवं छात्रावास अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने रसोईघर में पहुँचकर विद्यार्थियों को दिए जाने वाले चावल, दाल, सब्ज़ी और तेल की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि खाद्य सामग्री का रखरखाव संतोषजनक नहीं है तथा विद्यार्थियों को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन के मीनू की जानकारी छात्रावास परिसर में पोस्टर के माध्यम से प्रदर्शित की जाए। साथ ही सप्ताह में एक बार एवं विशेष अवसरों पर स्पेशल मीनू के आधार पर भोजन उपलब्ध कराया जाए।कलेक्टर ने छात्रावास की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी असंतोष जताया और तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शौचालय एवं परिसर की दैनिक सफाई सुनिश्चित की जाए और छात्रावास प्रबंधन के लिए समितियों का गठन किया जाए।कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी छात्रावासों के नियमित निरीक्षण के लिए टीम गठित की जाए और समय-समय पर स्वयं मॉनिटरिंग भी करें। इसके साथ ही पिछले छह माह के बजट का ऑडिट कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शुद्ध पेयजल के लिए आरओ मशीन की स्थापना और विद्यार्थियों को ठंड से बचाव हेतु बेहतर गुणवत्ता के कंबल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
छात्रों से संवाद करते हुए कलेक्टर ने कहा —निरंतर प्रयासों से अपने सपनों को पूरा करें। मन लगाकर पढ़ाई करें, सफलता निश्चित है।”संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने शिष्यवृत्ति राशि न मिलने और खेल मैदान की व्यवस्था की मांग रखी, जिस पर कलेक्टर ने अधीक्षक को मैदान की साफ-सफाई कर उसे खेलने योग्य बनाने और शिष्यवृत्ति संबंधी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





