best news portal development company in india

खातेगांव के दिव्या नर्सिंग होम पर बड़ी कार्रवाई, लाइसेंस तत्काल निरस्त

SHARE:

खातेगांव/देवास। शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय टीम ने खातेगांव स्थित डॉ. दीपक विश्नोई द्वारा संचालित दिव्या नर्सिंग होम का निरीक्षण किया। जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने नर्सिंग होम का लाइसेंस एवं पंजीयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया।
सीएमएचओ डॉ. बेक ने बताया कि निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम में चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की कमी पाई गई। इसके अलावा बायो मेडिकल वेस्ट का उचित निस्तारण नहीं किया जा रहा था, ऑपरेशन थिएटर की छत से पानी टपक रहा था, आईसीयू की सुविधा उपलब्ध नहीं थी तथा मरीजों का रिकॉर्ड भी व्यवस्थित रूप से संधारित नहीं किया जा रहा था। जांच के दौरान फायर एनओसी और विद्युत एनओसी भी प्रस्तुत नहीं की जा सकी, वहीं पार्किंग व्यवस्था का भी अभाव पाया गया।
इन सभी गंभीर कमियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नर्सिंग होम को जनस्वास्थ्य की दृष्टि से संचालन योग्य नहीं माना और उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया।
सीएमएचओ ने नर्सिंग होम संचालक को तत्काल अस्पताल का संचालन बंद कर इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि आदेश की अवहेलना करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण अधिकारी डॉ. शाहिद शेख, जिला प्रशिक्षण अधिकारी डॉ. मनीषा मिश्रा, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. संतोष कोतकर तथा लिपिक नरेंद्र जोशी शामिल रहे।
सीएमएचओ डॉ. सरोजिनी जेम्स बेक ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे उपचार के लिए केवल विधिवत पंजीकृत एवं मान्यता प्राप्त अस्पतालों का ही चयन करें। यदि कहीं अवैध रूप से चिकित्सकीय सेवाओं का संचालन हो रहा हो तो इसकी सूचना तत्काल स्वास्थ्य विभाग अथवा पुलिस प्रशासन को दें।

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment