best news portal development company in india

ऑपरेशन त्रिनेत्र की बड़ी कामयाबी: कांटाफोड़ पुलिस नें 48 घंटे में ट्रॉली चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

देवास/कांटाफोड़। देवास जिले की कांटाफोड़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रॉली चोरी की वारदात का महज 48 घंटे में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गई ट्रॉली, वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर, तिरपाल सहित करीब 9.50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में ऑपरेशन त्रिनेत्र की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को थाना कांटाफोड़ क्षेत्र में कृषि उपयोग की ट्रॉली चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 250/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता

(बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सूरज सिंह एवं एसडीओपी बागली संजय बैस के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश बारेला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने परंपरागत तरीकों के साथ तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। घटनास्थल से लेकर आसपास के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। लगातार विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ग्राम मुहाड़ा पहुंची, जहां तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपियों की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गई करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य की ट्रॉली, लगभग 8 लाख रुपये कीमत का कुबोटा ट्रैक्टर, पीले रंग की तिरपाल तथा ट्रॉली की पहचान छिपाने के लिए उपयोग किया गया पेंट, ब्रश और अन्य सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने कुल 9.50 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलराम पिता धनसिंह सोलंकी (22 वर्ष), राज पिता लालसिंह सोलंकी (31 वर्ष) तथा मंगल पिता राजेश सोलंकी (19 वर्ष) निवासी ग्राम मुहाड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में संचालित ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी नेटवर्क और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग से अपराधों का शीघ्र खुलासा संभव हो रहा है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश बारेला, उपनिरीक्षक विनय बघेल, प्रधान आरक्षक यतीश तिवारी, शिवकुमार सिंह, अशोक शर्मा, आरक्षक दिलीप बंडवाल एवं शमशेर शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment