best news portal development company in india

40 गांवों की जीवनरेखा बनी सड़क बदहाल, मरम्मत की मांग को लेकर चक्का जाम

SHARE:

खातेगांव। नगर से होकर गुजरने वाला प्रधानमंत्री सड़क मार्ग खातेगांव–तिवड़िया–बैहड़ी–बडदा मंगलवार को नागरिकों के आक्रोश का केंद्र बन गया। सड़क की बदहाल स्थिति, गहरे गड्ढों और जलभराव से परेशान लोगों ने पार्षद संगीता सुनील यादव के नेतृत्व में चक्का जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क की तत्काल मरम्मत और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

 

यह मार्ग करीब 40 गांवों को खातेगांव से जोड़ता है, जहां से प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, विद्यार्थी और वाहन चालक आवागमन करते हैं। लोगों का आरोप है कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क पर डाली गई मिट्टी को नहीं हटाया गया। लगातार बारिश के कारण सड़क गहरे गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।

 

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इसी मार्ग पर तीन विद्यालय संचालित हैं। प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राएं इसी रास्ते से गुजरते हैं। जलभराव और गड्ढों के कारण कई छात्र-छात्राएं तथा दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।

 

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अखिलेश शर्मा एवं निखिलेश चिंतामण मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर शीघ्र मरम्मत का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्का जाम समाप्त कर दिया गया।

 

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे दोबारा उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment