सेंधवा। क्षेत्र की ऐतिहासिक धरती घेरुघाटी में विधायक श्री मोंटू भाई सोलंकी के नेतृत्व में आयोजित आदिवासी अधिकार सम्मेलन जनआंदोलन का सशक्त मंच बनकर सामने आया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए और अपने अधिकारों के प्रति एकजुटता का संदेश दिया।
सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंगार, आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री रामू टेकाम, कसरावद विधायक श्री सचिन यादव, बड़वानी विधायक श्री राजेंद्र मंडलोई, जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री नानेश चौधरी, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्री सिलदार सोलंकी, श्री पोरलाल खरते एवं हरचरण भाटिया सहित अनेक वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत आदिवासी परंपरा अनुसार किया गया।
वक्ताओं ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए जल, जंगल और जमीन के अधिकार, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाएं तथा संवैधानिक प्रावधानों के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के साथ लगातार अन्याय हो रहा है, जिसे अब संगठित संघर्ष के माध्यम से समाप्त करना होगा। वक्ताओं ने अधिकारों की रक्षा हेतु ठोस नीति और निरंतर जनआंदोलन की आवश्यकता पर जोर दिया।
सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़ और लोगों के उत्साह ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में आदिवासी समाज के हक और सम्मान की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
घेरुघाटी में आयोजित यह सम्मेलन आदिवासी समाज की चेतना, एकता और संघर्ष का प्रतीक बनकर उभरा, जिसे आने वाले समय में आदिवासी आंदोलन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





