इंदौर |
इंदौर के रालामंडल (तेजाजी नगर) बायपास पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व गृह मंत्री एवं कांग्रेस विधायक बाला बच्चन की बेटी समेत तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सभी युवक-युवतियां जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तड़के करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार कार बायपास पर आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तीन युवाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतकों में शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में
प्रेरणा बच्चन, पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी
एक अन्य कांग्रेस नेता का पुत्र
कार में सवार एक और युवक शामिल है।
वहीं, कार में मौजूद अनुष्का राठी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। आशंका जताई जा रही है कि चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे कार सीधे ट्रक में जा घुसी। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
शोक की लहर
इस हादसे की खबर फैलते ही राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस नेताओं सहित कई जनप्रतिनिधियों ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन के परिवार पर आए इस दुखद संकट से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़






