best news portal development company in india

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा बढ़ी भोपाल–दिल्ली स्थित आवासों पर कड़ा पहरा, गृह मंत्रालय अलर्ट

SHARE:

भोपाल/नई दिल्ली।

केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने और अधिक सख्त कर दिया है। ताजा खुफिया जानकारी के बाद यह कदम उठाया गया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई तथा कुछ राष्ट्रविरोधी तत्व उनके संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे थे।

सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार देर रात और शनिवार सुबह से ही भोपाल स्थित उनके निजी आवास बी-8, 74 बंगले और दिल्ली स्थित सरकारी आवास के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। दोनों ही स्थानों पर सुरक्षा घेरे को मजबूत किया गया है।

डीजीपी को भेजा गया अति-गोपनीय पत्र—

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव को ‘अति-गोपनीय’ पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं कि केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा में किसी भी तरह की चूक न हो। इसके बाद भोपाल में 74 बंगले क्षेत्र की सड़कों पर नाकाबंदी सख्त कर दी गई है। आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है।

मैदानी हालात सख्त—

शनिवार सुबह 74 बंगले स्थित आवास के आसपास केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और राज्य पुलिस की तैनाती सामान्य से कहीं अधिक नजर आई। आम नागरिकों की आवाजाही सीमित कर दी गई है और मुख्य द्वार से प्रवेश पर भी कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

पुराने खतरों का रिकॉर्ड—

खुफिया फाइलों के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान पूर्व में भी संवेदनशील श्रेणी में रहे हैं।

वर्ष 2016 में सिमी से जुड़े मामलों के बाद, 2018-19 में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के दौरों तथा जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान हुई घटनाओं को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय ने अब ‘जीरो एरर’ नीति अपनाई है।

विशेषज्ञों का कहना—

सुरक्षा मामलों के जानकारों के अनुसार, कृषि मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद और किसान नीतियों से जुड़े फैसलों के चलते खतरे की आशंका को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी कारण सुरक्षा व्यवस्था को उच्चतम स्तर पर रखा गया है।

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment