अशोकनगर। कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर दिए गए बयान के बाद विवादों में घिरे जनजातीय कार्यमंत्री कुंवर विजय शाह के समर्थन में अब आदिवासी एवं ओबीसी समाज खुलकर सामने आ गया है। शुक्रवार को विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर प्रकरण समाप्त करने की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि मंत्री विजय शाह अपने बयान को लेकर चार बार सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि यदि कोई जनप्रतिनिधि अपनी गलती स्वीकार कर बार-बार क्षमा याचना कर चुका है, तो मामले को और अधिक तूल देना उचित नहीं है।
आठ बार विधायक, जनसेवा का लंबा अनुभव
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विजय शाह लगातार आठ बार विधायक चुने गए हैं, जो उनकी लोकप्रियता और जनविश्वास का प्रमाण है। वक्ताओं ने कहा कि चार दशक के राजनीतिक जीवन और जनसेवा के योगदान को एक कथित भाषाई त्रुटि के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए।
रविंद्र आदिवासी, बुद्धि आदिवासी, उदयभान आदिवासी और नरेंद्र बंजारा सहित अन्य प्रतिनिधियों ने कहा कि मंत्री द्वारा संचालित योजनाओं से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है।
“चार बार माफी के बाद विवाद क्यों?”
ज्ञापन सौंपते समय समाज के युवाओं ने सवाल उठाया कि जब मंत्री चार बार सार्वजनिक मंच से माफी मांग चुके हैं, तो फिर विवाद को समाप्त क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रकरण समाप्त किया जाए और केस खारिज किया जाए।
इधर, मंत्री के बयान को लेकर विरोध के स्वर भी जारी हैं। राजनीतिक हलकों में यह मामला अभी भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़






