इंदौर, 19 नवम्बर 2025।
मध्यप्रदेश में देहदान और अंगदान को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल के तहत देहदाताओं को राजकीय सम्मान स्वरूप गार्ड ऑफ ऑनर दिया जा रहा है। इसी क्रम में इंडेक्स मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, इंदौर में एक 72 वर्षीय महिला को देहदान के बाद राजकीय सम्मान देकर अंतिम विदाई दी गई।
शहर की वरिष्ठ नागरिक विनिता खांडेकर, निवासी मिलन हाइट्स, इंदौर का हाल ही में निधन हो गया। उनके पुत्र राहुल खांडेकर और पति राजाराम खांडेकर ने चिकित्सा शिक्षा और मानव सेवा के उद्देश्य से उनका शरीर दान करने का निर्णय लिया। देहदान संस्था मुस्कान ग्रुप ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएँ पूरी कर शव को इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के देहदान अधिकारी राज गोयल को सौंपा।
सरकारी निर्देशानुसार पुलिस विभाग की उपस्थिति में कॉलेज परिसर में दिवंगत देहदानी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर राजकीय सम्मान प्रदान किया गया।
इंडेक्स मेडिकल कॉलेज के डॉ. जी.एस. पटेल ने बताया कि देहदान और अंगदान चिकित्सा शिक्षा तथा अनुसंधान के लिए सबसे बड़ा मानवीय दान है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लिया गया यह निर्णय समाज में जागरूकता बढ़ाने और अधिक लोगों को प्रेरित करने में मील का पत्थर साबित होगा।
इंडेक्स समूह के चेयरमैन सहित चिकित्सक एवं स्टाफ ने दिवंगत विनिता खांडेकर को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों के निर्णय को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़






