best news portal development company in india

अवैध सागौन कटाई पर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

चिचोली (बैतूल)।

पश्चिम बैतूल वन वृत्त की वन संरक्षक सुश्री बासु कनौजिया के मार्गदर्शन एवं वनमंडलाधिकारी (DFO) श्री एल.के. वासनिक के निर्देशन में वन विभाग ने अवैध सागौन कटाई के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई चिचोली परिक्षेत्र के खामापुर वृत्त अंतर्गत ग्राम जाफरीमऊ के वन क्षेत्र में की गई।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 दिसंबर की रात्रि अज्ञात तस्करों द्वारा वन क्षेत्र में चार सागौन के वृक्ष अवैध रूप से काटे गए थे। हालांकि रात्रि उड़नदस्ते की सतत गश्त के कारण आरोपी कटे हुए वृक्षों की लकड़ी मौके से ले जाने में असफल रहे।

गश्त के दौरान घटनास्थल के पास एक संदिग्ध अल्टो वाहन को रोककर पूछताछ की गई। प्रारंभ में वाहन सवार ने भ्रामक जानकारी दी, लेकिन सघन पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी की पहचान अर्जुन यादव, पिता मस्तराम यादव, निवासी ग्राम डोल के रूप में हुई है।

वन विभाग ने आरोपी को भारतीय वन अधिनियम एवं वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे इस अपराध में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की पहचान की जा सके। साथ ही आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन एवं वन्यजीव अपराधों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वन संपदा और वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग को दें

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment