संवाददाता: अर्जुन मर्रापे—परासिया
नव वर्ष की शुरुआत पर धार्मिक स्थलों में आस्था का सैलाब देखने को मिला। इसी कड़ी में अंबाड़ा स्थित प्रसिद्ध मां हिंगलाज मंदिर में नव वर्ष के प्रथम दिवस प्रातःकाल से ही श्रद्धालु भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां के दर्शन एवं पूजन-पाठ के लिए दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
श्रद्धालु मां हिंगलाज के दरबार में हाजिरी लगाकर अपने व परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते नजर आए। मंदिर परिसर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर मंदिर परिसर के समीप विशाल मेले का आयोजन भी किया गया, जहां खेल-खिलौने, घरेलू उपयोग की सामग्री सहित विभिन्न प्रकार की सैकड़ों दुकानें सजी रहीं। दर्शन के उपरांत श्रद्धालु मेले में खरीदारी करते दिखाई दिए, जिससे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा बेहतर व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंध किए गए। दोपहर में एक घंटे तक बंद रहने वाले मंदिर के पटों का समय घटाकर मात्र 20 मिनट किया गया, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु मां के दर्शन कर सकें।
व्यवस्था संचालन में मंदिर समिति अध्यक्ष जगदीश तिवारी, उपाध्यक्ष भगवानदीन यादव, अशोक ठाकर, सचिव नारायण राव सराटकर, कोषाध्यक्ष रमन साहू, आशीष यादव, नवीन मोदी, विजय श्रीवास्तव, मनीष सेन सहित अन्य समिति सदस्य मौजूद रहे। वहीं अंबाड़ा चौकी प्रभारी संजय सोनवानी पुलिस स्टाफ के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





