दो बदमाश गोली लगने से घायल, अवैध असलहे व 1.35 लाख नकद बरामद
सोनभद्र। अशोक चौबे | 02 जनवरी 2026
थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 10 लाख रुपये की टप्पेबाजी/चोरी की सनसनीखेज घटना में शामिल अंतरराज्यीय गैंग के तीन अभियुक्तों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दो बदमाश पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रॉबर्ट्सगंज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस व एसओजी टीम ने यह कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर चुर्क रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी के दौरान अभियुक्तों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में गैंग लीडर सुब्रमन्यम व बालामुर्गन घायल हो गए, जबकि तीसरे अभियुक्त रामू नायकर उर्फ रामू नायडू को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 02 अवैध देशी तमंचा (.315 बोर), 02 जिन्दा कारतूस, 02 खोखा कारतूस एवं चोरी के 1,35,000 रुपये बरामद किए हैं। शेष चोरी की राशि विभिन्न बैंक खातों में जमा की गई थी, जिसे पुलिस द्वारा एसबीआई में 8,15,610 रुपये तथा आईसीआईसीआई बैंक में 40,150 रुपये होल्ड कराया गया है।
क्या है पूरा मामला
26 दिसंबर 2025 को बैंक ऑफ बड़ौदा, रॉबर्ट्सगंज से 10 लाख रुपये निकालकर ले जा रहे कंपनी के कैशियर को वाहन पंचर करने की साजिश रचकर भ्रमित किया गया और रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया गया। मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहन पंचर कराकर टप्पेबाजी की वारदात करते थे और संदेह से बचने के लिए नाबालिगों का इस्तेमाल करते थे। अभियुक्तों ने सोनभद्र, फतेहपुर सहित अन्य जिलों में भी इस तरह की घटनाएं करना स्वीकार किया है।
अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्तों व गैंग की महिला सदस्य नन्दिनी सहित बाल अपचारियों का उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार व अन्य राज्यों में दर्जनों आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, मामले में संबंधित धाराओं में बढ़ोत्तरी कर दी गई है तथा आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है। मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़







