देवास—
31 दिसंबर एवं नववर्ष के मद्देनज़र जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले के प्रमुख चौराहों, मार्गों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा जगह-जगह नाकाबंदी कर प्रभावी चेकिंग की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक देवास ने देर रात विभिन्न नाकाबंदी स्थलों का निरीक्षण कर मौके पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं दोपहिया-चारपहिया वाहनों की सघन जांच की गई तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, हुड़दंग एवं असामाजिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाए। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से नववर्ष का स्वागत करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़






