सिंगरौली/देवसर—
जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग एक लाख 76 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. गायत्री तिवारी के सतत मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी जियावन श्रीमती रोशनी कुर्मी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 23 दिसंबर 2025 को फरियादी पंकज सोनी ने थाना जियावन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनकी ज्वेलरी शॉप का शटर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गया माल बरामद कर विधिवत जप्त किया तथा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल सोनी उर्फ बेटू, आदिल खान एवं आर्यन तिवारी उर्फ रवि नंदन तिवारी शामिल हैं। तीनों आरोपी जिला सिंगरौली के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों एवं दुकानों में सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं तथा उनकी कवरेज आसपास के क्षेत्र तक रखें, जिससे अपराधों की रोकथाम में मदद मिल सके।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





