इंदौर। शहर में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर श्री संतोष सिंह ने एक नया और अत्याधुनिक प्रयोग शुरू किया है। अब शहर के उन शेडो एरिया पर भी पैनी नज़र रखी जाएगी जहाँ बदमाश नशा, शराब व अन्य अवैध गतिविधियों को अंजाम देते हैं। पुलिस इंफ्रारेड कैमरे से लैस ड्रोन की मदद से रात के घुप्प अंधेरे में भी अपराधियों को ढूंढकर कार्रवाई करेगी।
इसी क्रम में आज पुलिस मुख्यालय भोपाल से प्राप्त उन्नत इंफ्रारेड ड्रोन का उपयोग थाना एमआईजी क्षेत्र से प्रारंभ किया गया। यह ड्रोन दिन में सामान्य कैमरा मोड पर तथा रात में इंफ्रारेड तकनीक से अपराधियों की गतिविधियों को आसानी से पकड़ सकता है। इसकी सर्चिंग क्षमता 5 किलोमीटर रेडियल क्षेत्र तक है और यह एक बार में 30 मिनट तक उड़ान भर सकता है।
आज एनसीसी ग्राउंड, एमआईजी से ड्रोन उड़ाकर विजयनगर, खजराना, तुकोगंज, परदेशीपुरा और एमआईजी क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों की निगरानी की गई। जैसे ही किसी भी स्थान को संदिग्ध पाया गया, तुरंत वहां मौजूद बीट आरक्षकों को मौके पर भेजकर स्थिति की तस्दीक करवाई गई।
साथ ही शहर के संवेदनशील व शेडो एरिया—
रुस्तम का बगीचा, पंचम की फेल, देवनगर, नंदानगर, छोटी खजरानी, स्वर्णबाग, सेठी नगर, भूसामंडी और खजराना—में भी ड्रोन से सर्चिंग कराई गई।
इस पूरे अभियान का संचालन पुलिस उपायुक्त ज़ोन-02 श्री कुमार प्रतीक के मार्गदर्शन में किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ज़ोन-02 श्री अमरेंद्र सिंह, एसीपी परदेशीपुरा श्रीमती हिमानी मिश्रा तथा थाना एमआईजी प्रभारी सी.बी. सिंह अपने स्टाफ के साथ मौके पर मौजूद रहे।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़






