- इंदौर। आरटीओ कार्यालय में कवरेज के दौरान पत्रकार हेमंत शर्मा और कैमरापर्सन राजा खान पर हुए हमले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पत्रकारों में आक्रोश बढ़ गया है। इसी के विरोध में सोमवार दोपहर इंदौर प्रेस क्लब की अगुवाई में बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचे।
पत्रकारों ने पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह से मिलकर घटना की जानकारी दी और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह को पुलिस आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा।
इंदौर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम ने कहा कि “मीडियाकर्मियों पर हमला लोकतंत्र पर हमला है। इतने घंटे बीत जाने के बाद भी सभी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना बेहद आश्चर्यजनक है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मीडियाकर्मी चुप नहीं बैठेंगे।”
पुलिस आयुक्त और एडीशनल सीपी ने आश्वासन दिया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है तथा सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ज्ञापन का वाचन वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी ने किया।
इस दौरान प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष प्रियंका पांडे, सचिव अभिषेक चेंडके, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य मनीष मक्खर, अभय तिवारी, प्रमोद दीक्षित, अंशुल मुकाती, श्याम कामले, विजय प्रकाश भट्ट सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार, फोटो जर्नलिस्ट और वीडियो जर्नलिस्ट मौजूद थे।
सभी ने एक स्वर में मीडियाकर्मियों पर हुए हमले की निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





