पत्रकार — मनोहर अग्रवाल, बैतूल
बैतूल, 23 नवम्बर 2025। रविवार सुबह जिला अस्पताल के किचन क्षेत्र स्थित स्टोर रूम में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। स्थिति गंभीर होने से पहले ही प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और संवेदनशीलता से आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
सुबह 9:20 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. रूपेश पदमाकर और आरएमओ डॉ. रानू वर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे। अस्पताल के इलेक्ट्रीशियन श्री बिहारिया एवं सहायक इलेक्ट्रीशियन श्री महेश तिवारी ने बिना देर किए मुख्य स्विच बंद किया और फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग को नियंत्रित किया। मात्र 10 मिनट में आग पूरी तरह बुझा दी गई।
एहतियात के तौर पर फीमेल वार्ड और बच्चा वार्ड के मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया। स्थिति सामान्य होते ही मरीजों को दोबारा उनके वार्ड में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी कलेक्टर श्री अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े, तथा ई एंड एम एवं एमपीईबी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश जारी किए।
अधिकारियों और अस्पताल स्टाफ की त्वरित कार्यवाही से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। मरीजों और परिजनों ने अस्पताल प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए राहत व्यक्त की।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





