पत्रकार – जयंत गोहे, आमला (जिला बैतूल)
आमला के रेलवे स्टेडियम परिसर में मंगलवार को शक्ति संवर्धन 108 कुण्डीय महायज्ञ की शुरुआत भव्य भूमिपूजन के साथ हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने विधि-विधान से भूमिपूजन कर अनुष्ठान की तैयारियों का शुभारंभ किया। भूमिपूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर गूंज उठा और वातावरण आस्था से भावविभोर हो गया।
केंद्रीय मंत्री उइके ने कहा कि 19 से 22 दिसंबर तक आयोजित होने वाला यह महायज्ञ नगर के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण में नई ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में एकता, सौहार्द और सकारात्मक विचारों का प्रसार होता है।
विधायक डॉ. योगेश पण्डाग्रे सहित जनप्रतिनिधियों की विशेष मौजूदगी
भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक डॉ. योगेश पण्डाग्रे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि आमला को इतने बड़े स्तर का आध्यात्मिक आयोजन मिलना सौभाग्य की बात है। भूमिपूजन के बाद विधायक ने स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आयोजन समिति को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर पालिका अध्यक्ष नितिन गाडरे, जनपद अध्यक्ष गणेश यादव, नगर मंडल अध्यक्ष रामकिशोर देशमुख सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने मंच से अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने संयुक्त रूप से महायज्ञ को सफल बनाने का संकल्प लिया।
चार दिवसीय विशाल अनुष्ठान की तैयारियाँ पूरी—आयोजन समिति
आयोजन समिति ने बताया कि 108 कुण्डीय यह महायज्ञ क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर आयोजित किया जा रहा है। रेलवे स्टेडियम में विशाल यज्ञशाला का निर्माण किया जा रहा है, जहाँ प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति की संभावना है।
चारों दिन सुबह से शाम तक—
यज्ञ एवं हवन
प्रवचन
सांस्कृतिक कार्यक्रम
का आयोजन होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैठने, पार्किंग, पेयजल व सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। स्थल पर सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त की जा रही है।
कार्यक्रम का समापन पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ होगा। समिति ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर इस दिव्य अनुष्ठान का लाभ लेने की अपील की।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि दीपचंद मालवी, उपजोन समन्वयक दिनेश देशमुख, जिला समन्वयक डॉ. कैलाश वर्मा, गायत्री परिवार ट्रस्टी बी. पी. धामोड़ें, जिला मीडिया प्रभारी नीलेश मालवीय, राजेन्द्र उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





