best news portal development company in india

लाइफ करियर सीबीएसई स्कूल में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन

SHARE:

आमला, जिला बैतूल।

नगर के प्रथम प्राइवेट सीबीएसई संस्थान लाइफ करियर सीनियर सेकंडरी स्कूल में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान मुख्य अतिथि, थाना प्रभारी राजेश सातनकर विशिष्ट अतिथि तथा हाईकोर्ट एडवोकेट शाहिद उल्ला बेग अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पांजलि के साथ हुई। इसके पश्चात छात्र चैतन्य सिंह मानकर और समूह द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

नन्हें-मुन्नों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल

स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा माता-पिता, दादा-दादी और नाना-नानी को समर्पित कार्यक्रमों ने अभिभावकों को भावुक कर दिया। इसके साथ ही बालिका संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, बाल मजदूरी और दहेज प्रथा जैसे सामाजिक मुद्दों पर आधारित प्रस्तुतियों ने सशक्त संदेश दिया।

ऑपरेशन सिंदूर’ प्रस्तुति से गूंजा देशभक्ति का स्वर

‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित नाट्य एवं नृत्य कार्यक्रम ने उपस्थित जनसमूह को भारत माता की जय के नारों से गूँजा दिया। पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो उठा।

विविधताओं से भरा सांस्कृतिक रंगमंच

कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपरा को नृत्य रूप में शानदार तरीके से प्रस्तुत किया गया—

गुजरात का गरबा

पंजाब का भांगड़ा

छत्तीसगढ़ का गोडी

राजस्थान का घूमर

‘मल्हारी’ सहित अनेक देशभक्ति व रंगारंग प्रस्तुतियाँ

छात्र-छात्राओं चैतन्य सिंह मानकर, मान्या वाधवा, चेतना, सम्मुख धामोड़े और अलवीरा बेग ने अपनी मधुर गायन प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत

विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या श्रीमती शिवली गोस्वामी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों, परीक्षा परिणामों और आगामी योजनाओं की जानकारी अभिभावकों को दी।

अतिथियों ने की विद्यालय की सराहना

मुख्य अतिथि तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास के लिए अत्यंत आवश्यक होते हैं।

विशिष्ट अतिथि थाना प्रभारी राजेश सातनकर ने कहा कि विद्यार्थी पूरे वर्ष वार्षिकोत्सव का इंतजार करते हैं और यह कार्यक्रम उनके सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है।

समाजसेवी मनोज विश्वकर्मा ने विद्यालय की पिछले दो दशकों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे आमला का गौरव बताया।

प्रतिभाओं को मिला सम्मान

राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले खिलाड़ियों—

पीयूष पवार, रक्षा कोकाटे और अन्वी चौकीकर—को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में समाजसेवी मनोज वाधवा, विद्यालय के विधिक सलाहकार एडवोकेट हसीब बेग सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका सोनिका जोशी ने किया तथा अध्यक्षीय उद्बोधन में एडवोकेट शाहिद उल्ला बेग ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment