
बैतूल। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 15 नवंबर को पुलिस ग्राउंड में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया। जनजातीय समाज की विशाल उपस्थिति और सांस्कृतिक उत्साह ने पूरे मैदान को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल रहे। विशेष अतिथियों में खरगोन सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भैंसदेही विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान, मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अतिथियों ने जनजातीय महापुरुषों के छायाचित्रों पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद महानायकों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। जिले में 80 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन तथा 225 करोड़ रुपये से अधिक लागत के कार्यों का लोकार्पण भी इस अवसर पर किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन हुआ, साथ ही जनजातीय वीरों के संघर्ष पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। कन्या क्रीड़ा परिसर सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्रों ने पारंपरिक जनजातीय नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास गौरवशाली और समृद्ध है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जल–जंगल–जमीन संरक्षण आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय देश की संस्कृति और विकास का महत्वपूर्ण स्तंभ है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू पूरे देश में जनजातीय गौरव का प्रतीक बनकर प्रतिष्ठित हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पिछड़ी जनजातियों—भारिया, सहारिया, बैगा—के हित में चलाई जा रही योजनाओं और जनजातीय क्षेत्रों में 80 हजार करोड़ रुपये के अधोसंरचनात्मक विकास की जानकारी दी। साथ ही बैतूल जिले में जनजातीय नायकों—सरदार गंजन सिंह कोरकू, सरदार विष्णु सिंह गोंड और सरदार रामजी कोरकू—के नाम पर संस्थाओं एवं संरचनाओं के नामकरण का उल्लेख किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, जनजातीय कलाकारों, मेधावी विद्यार्थियों और हितग्राहियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनजातीय समाज ने दहेज, डीजे, नशा और धर्मांतरण से दूर रहने का सामूहिक संकल्प भी लिया।
प्रधानमंत्री ने बढ़ाया जनजातीय नायकों का गौरव: सांसद श्री पटेल
सांसद श्री गजेंद्र सिंह पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जन्मजयंती को पूरे देश में सम्मान और गर्व के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इतिहास में भील, गोंड, कोरकू सहित जनजातीय समुदाय ने मुगलों और ब्रिटिश शासन के विरुद्ध संघर्ष में अद्वितीय योगदान दिया।
उन्होंने विशेष रूप से महाराणा प्रताप की सेना में भीलों की भूमिका और वीर पूंजा भील के साहस का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय नायकों के इतिहास को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





