
देवास। शहर की कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे ठग जोड़े को गिरफ्तार किया है जो दुकानदारों को डिजिटल पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर ठगी करता था। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपियों ने ठगी का यह तरीका इंस्टाग्राम रील देखकर सीखा था।मामला तब सामने आया जब रत्नराज ज्वेलर्स के संचालक दिलीप सोनी (60 वर्ष) ने पुलिस को शिकायत दी कि 4 नवंबर की शाम करीब 6 बजे एक युवक और युवती उनकी दुकान पर आए। दोनों ने ₹6,700 मूल्य की चांदी की पायल और दो अंगूठियां खरीदीं।
भुगतान के लिए आरोपियों ने दुकान पर लगे PhonePe QR कोड को स्कैन करने का नाटक किया और फिर मोबाइल में पेमेंट सफल होने का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया। जब दुकानदार ने खाते की जांच की तो कोई राशि जमा नहीं हुई थी। पूछताछ करने से पहले ही दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान की। बुधवार को पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने ठगी की यह तरकीब इंस्टाग्राम की एक रील देखकर सीखी थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी का सामान, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे
पत्रकार | सच की आवाज़





