best news portal development company in india

देवास जिले में खाद-बीज दुकानों पर कृषि विभाग की जांच, 28 नमूने लिए

SHARE:

  1. किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश, हर किसान को पक्का बिल देना अनिवार्य

देवास। किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने और उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग के दल ने जिले में संचालित खाद एवं बीज विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान बीज के 18 और खाद के 10 नमूने लिए गए। कुल 28 नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कृषि आदान विक्रय प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें महादेव कृषि सेवा केंद्र चापड़ा, बागली, शिव कृषि सेवा केंद्र बालोन, टोंकखुर्द, अंबिका कृषि सेवा केंद्र चोबाराधीरा, टोंकखुर्द, बालाजी ट्रेडिंग कन्नौद, सानवी एग्रो केमिकल्स कन्नौद, महाकाल एग्रो एजेंसी खातेगांव, मां नर्मदा इंटरप्राइजेज खातेगांव, पराग बीज उत्पादक सहकारी संस्था जियागांव, अंशुल एग्री क्लिनिक खातेगांव, कैलाशचंद धूत एंड कंपनी कन्नौद तथा भू-स्वरूपा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी बागली सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल रहे।

गुणवत्ता से समझौता नहीं, किसानों को बिल देना जरूरी

कृषि विभाग के दल ने विक्रेताओं को निर्देशित किया कि किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले बीज एवं खाद ही उपलब्ध कराएं। कृषि आदान की बिक्री के दौरान प्रत्येक किसान को अनिवार्य रूप से पक्का बिल दिया जाए, ताकि खरीदी गई सामग्री की मात्रा, कीमत और अन्य आवश्यक विवरण का रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।

विभाग द्वारा लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला में जांच के बाद गुणवत्ता की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में किसी नमूने में निर्धारित मानकों के विपरीत स्थिति पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेता के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराना तथा खाद-बीज की खरीद में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment

best news portal development company in india
और देखें