best news portal development company in india

बैतूल में CM मोहन यादव ने किया सरदार पटेल की प्रतिमा का अनावरण, किसानों की समृद्धि पर दिया जोर

SHARE:

बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बैतूल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण, देश की एकता और अखंडता में दिए गए योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। स्वतंत्रता के बाद देश की विभिन्न रियासतों के एकीकरण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका रही। उन्होंने सहकारिता, कृषि और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। गुजरात में दुग्ध सहकारिता को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों ने किसानों और दुग्ध उत्पादकों को सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त किया।

डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कृषि के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। गौवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए भी विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक ‘वृंदावन गांव’ विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के आग्रह और उपस्थित नागरिकों की मांग पर कम्युनिटी हॉल निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके, राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक सीतासरन शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

रिपोर्टर—रवि कुमरे
Author: रिपोर्टर—रवि कुमरे

पत्रकार | सच की आवाज़

Leave a Comment

best news portal development company in india
और देखें